गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन के कंट्रोल रूम में लगी भीषण आग, उपकरण जलकर राख

संवाददाता

अय्यूब आलम

गोंडा। रविवार दोपहर गोंडा कचहरी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित स्टेशन मास्टर कक्ष एवं कंट्रोल रूम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कक्ष में रखे कई महत्वपूर्ण उपकरण जलकर राख हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती देख तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड वाहन के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन अधिकारी नितेश शुक्ला, आरक्षी त्रिलोकी नाथ शर्मा एवं एफएससी यूनिट के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आग को स्टेशन परिसर के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया।

प्रारंभिक रूप से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल रेलवे के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

आग लगने के बाद स्टेशन के कंट्रोल रूम की व्यवस्था प्रभावित होने से कुछ समय के लिए ट्रेन संचालन पर भी असर पड़ा। रेलवे अधिकारी नुकसान का आकलन करने और प्रभावित उपकरणों एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कार्रवाई में जुट गए हैं।

फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन स्टेशन मास्टर कक्ष एवं कंट्रोल रूम में आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...